छालीवुड और क्रिकेट का महाकुंभ, CIPL सीजन 3 का आगाज 25 मई से, रायगढ़ के विकास सिंह फिल्मी टाइटंस में शामिल

Advertisement

बिलासपुर का रघुराज स्टेडियम फिर बनेगा रोशनी और रोमांच का केंद्र

रायगढ़। बिलासपुर स्थित रघुराज स्टेडियम एक बार फिर खेल, ग्लैमर और उत्साह के रंग में रंगने जा रहा है। छालीवुड इंडस्ट्रीज प्रीमियर लीग यानी CIPL सीजन 3 का शुभारंभ 25 मई से होने जा रहा है। फ्लड लाइट में खेले जाने वाले मुकाबलों को लेकर दर्शकों और खेल प्रेमियों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत और क्रिकेट का यह अनोखा संगम एक बार फिर रोमांचक मुकाबलों का मंच बनने जा रहा है।

रायगढ़ के खिलाड़ी विकास सिंह का चयन, जिले के लिए गर्व का अवसर

इस बार CIPL में रायगढ़ के लिए खास गर्व का क्षण सामने आया है। शहर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी विकास सिंह का चयन फिल्मी टाइटंस टीम में हुआ है। यह टीम चर्चित निर्देशक शांतनु पाटनवर के नेतृत्व में मैदान में उतरेगी। खास बात यह भी है कि शांतनु पाटनवर की जन्मभूमि भी रायगढ़ रही है, जिससे इस चयन को जिले के लिए दोहरी उपलब्धि माना जा रहा है।

अभिनय जगत में भी बना चुके हैं अलग पहचान

विकास सिंह केवल क्रिकेट मैदान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मनोरंजन जगत में भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे प्रेमयुद्ध, जवानी जिंदाबाद और सरफिरा जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। अब वे 19 जून को रिलीज होने वाली फिल्म बलि में एक नए और प्रभावशाली किरदार में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन गंगासागर पंडा ने किया है।

छह टीमों के बीच होगा खिताब का संघर्ष

CIPL सीजन 3 में इस बार कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें बॉक्स ऑफिस ब्लेजर, फिल्मी टाइटंस, स्क्रीन वॉरियर्स, स्टार समसेरा, सिने स्टार और सेलेब स्ट्राइकर शामिल हैं। सभी टीमों में कलाकारों और खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण देखने को मिलेगा, जिससे मुकाबले और भी रोचक होने की उम्मीद है।

पिछले सीजन के प्रदर्शन ने दिलाई नई पहचान

पिछले सीजन में विकास सिंह ने बालोद बुल्स टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव छोड़ा था। उनके ऑलराउंड खेल को देखते हुए इस बार नीलामी में कई टीमों की नजर उन पर थी। अंततः फिल्मी टाइटंस ने उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बनाया।

25 मई पर टिकी निगाहें, रायगढ़ के खिलाड़ी से बड़ी उम्मीदें

अब सभी की नजरें 25 मई पर टिकी हैं, जब रघुराज स्टेडियम की रोशनी में CIPL सीजन 3 का आगाज होगा। रायगढ़ के खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि विकास सिंह इस बार भी अपने प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करेंगे और मैदान पर दमदार छाप छोड़ेंगे।

Share This Article