नागरिकों की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण
इस दौरान आम नागरिकों की समस्या एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा। सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविरों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें और मांगें सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीएम साय का औचक निरीक्षण
विशेष बात यह है कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं इन शिविरों का औचक निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इससे प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों की बैठक लेकर सुशासन तिहार की तैयारियों और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि, यह शासन का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जो आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का बड़ा अवसर है। सभी अधिकारी-कर्मचारी सक्रियता और सतर्कता के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक शिविर में जिला स्तरीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करें।
शिविर में मिले आवेदनों का जल्द हो समाधान
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि, शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी आवेदकों को तत्काल दी जाए। जिन आवेदनों का निराकरण शिविर में संभव नहीं होगा, उन्हें अगले 15 दिनों के भीतर निराकृत कर आवेदकों को सूचित करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक शिविर के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।


