रायगढ़। रेलवे प्रशासन ने यात्री सुविधाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ठंडे पेय पदार्थों के लिए ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन शुरू की है। यह सुविधा यात्रियों को तेज, आसान और डिजिटल सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
अब स्टॉल पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं
नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को अब ठंडा पेय खरीदने के लिए स्टॉल पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यात्री मशीन के जरिए स्वयं कोका-कोला ब्रांड के विभिन्न पेय पदार्थ आसानी से खरीद सकेंगे।
ऐसे काम करेगी मशीन
मशीन का उपयोग बेहद आसान रखा गया है—
- सबसे पहले मशीन पर लगे QR कोड को स्कैन करना होगा
- स्क्रीन पर उपलब्ध विकल्पों में से पेय पदार्थ चुनना होगा
- ऑनलाइन भुगतान पूरा करते ही
- चुना गया उत्पाद नीचे बने डिस्पेंस बॉक्स से स्वतः बाहर आ जाएगा
डिजिटल भुगतान को मिलेगा बढ़ावा
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है। रायगढ़ स्टेशन पर यह मशीन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
चिल्लर और ओवरचार्जिंग से राहत
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस सुविधा से यात्रियों को चिल्लर की समस्या, अनावश्यक प्रतीक्षा और ओवरचार्जिंग जैसी परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा मिलेगा।


