जल संरक्षण से बदली ग्रामीण अर्थव्यवस्था, खेती को मिला नया सहारा
बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत उफिया में मनरेगा के तहत बना चेकडैम अब ग्रामीणों की आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनकर उभरा है। सुई थोपा नाला पर निर्मित इस चेकडैम ने न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा दिया है, बल्कि खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा भी दी है।

भू-जल स्तर में सुधार, अब सालभर मिल रही सिंचाई सुविधा
चेकडैम के निर्माण से वर्षा जल का बेहतर संचयन हो रहा है, जिससे क्षेत्र का भू-जल स्तर बढ़ा है। पहले जहां पानी की कमी के चलते किसान सीमित खेती तक ही सीमित थे, अब उन्हें पूरे साल सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है। इससे खेती का दायरा और उत्पादन दोनों बढ़े हैं।
16 एकड़ भूमि सिंचित, किसानों को मिला सीधा लाभ
इस चेकडैम से लगभग 16 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई मिल रही है, जिससे 7 किसान सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। किसान अब गेहूं, सरसों, मक्का, धान और सब्जियों जैसी बहुफसली खेती कर बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं। इसके अलावा आसपास के 25 से 30 किसान भी अप्रत्यक्ष रूप से लाभ उठा रहे हैं।
मनरेगा से रोजगार भी, गांव में बढ़ी आय और आत्मनिर्भरता
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत बने इस चेकडैम ने निर्माण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार भी उपलब्ध कराया। इससे उनकी आय में वृद्धि हुई और गांव की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
किसानों के साथ पशुओं को भी मिला पानी, जीवन में आया संतुलन
चेकडैम बनने के बाद न केवल खेती के लिए बल्कि पशुओं के लिए भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। इससे ग्रामीण जीवन में स्थिरता आई है और जल संकट की समस्या काफी हद तक कम हुई है।
छोटे प्रयास से बड़ा बदलाव, जल संरक्षण बना विकास की कुंजी
ग्राम उफिया का यह चेकडैम इस बात का उदाहरण है कि सही योजना और क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ा बदलाव संभव है। जल संरक्षण के जरिए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता यह गांव अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है।


