लखनपुर नगर से होकर गुजरने वाले इस राजमार्ग पर लंबे समय से बाईपास की मांग उठती रही है। नगर के भीतर से भारी वाहनों के गुजरने के कारण यातायात का दबाव बना रहता था और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। अब फोरलेन के डीपीआर में बाईपास को शामिल करने का रास्ता साफ हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

लेमरू में हाथियों की सुरक्षा
लेमरू हाथी प्रोजेक्ट एक संवेदनशील वन्यजीव क्षेत्र है। इस इलाके से गुजरने वाली सड़क पर अब पशु अंडरपास और बैरिकेटिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि हाथी और अन्य वन्यजीव सुरक्षित रूप से आवाजाही कर सकें और सड़क हादसों में उनकी जान न जाए।
सिंहदेव के पत्र से शुरू हुई कवायद
इस पूरे मामले की शुरुआत 8 मार्च को हुई, जब पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर ये दोनों सुझाव दिए। मंत्री ने इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को 20 अप्रैल को डीपीआर में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दे दिए।


सिंहदेव ने बताया पर्यावरण और जनहित की दोहरी जीत
सिंहदेव ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय एक साथ दो उद्देश्य पूरे करता है, एक ओर आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात मिलेगा, तो दूसरी ओर वन्यजीवों का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा। उन्होंने इसे जनहित और पर्यावरण दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया।


