संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
कुठौंद जालौन। जालौन जनपद के कुठौंद विकास खंड अंतर्गत ग्राम टिकरी मु. में फैली गंदगी और जाम नालियों की समस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। जगह-जगह कूड़ा-करकट के ढेर लगे हुए हैं, जबकि अधिकांश नालियां जाम पड़ी हैं। नियमित सफाई न होने के कारण पूरे गांव में तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गंदगी और जलभराव के कारण सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आवागमन भी बाधित हो रहा है।
इस संबंध में ग्रामीण कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।
ज्ञापन देने वालों में हर्षित तिवारी, किशन जी, अमित कुमार, हेमद खान, शैलेंद्र कुमार, सर्वेश कुमार और आशीष द्विवेदी प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी ग्रामीणों ने एक स्वर में मांग की कि गांव में तत्काल प्रभाव से सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए, जाम नालियों की सफाई कराई जाए और कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सुविधा नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य का गंभीर विषय है, जिस पर प्रशासन को प्राथमिकता से कार्य करना चाहिए।


