Raipur Chain Snatching Gang Busted: लग्जरी इनोवा में वारदात करने वाला अंतरराज्यीय चेन स्नेचिंग गिरोह गिरफ्तार, 8 आरोपी पकड़े गए

By
Advertisement
Advertisement

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने वाले एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह लग्जरी इनोवा कार में घूमकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने गिरोह की मुख्य सदस्य संध्या सकटे सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बुजुर्ग महिला की शिकायत से खुला मामला
यह पूरा मामला तब सामने आया जब 8 अप्रैल को डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा बाजार में 66 वर्षीय निर्मला वर्मा के गले से चेन चोरी हो गई। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास नजर आईं।

तकनीकी जांच से पकड़ा गया गिरोह
जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और स्थानीय पुलिस ने संदिग्ध इनोवा कार को भाठागांव बस स्टैंड के पास घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर के कई इलाकों में वारदात करने की बात स्वीकार की।

इंदौर-महाराष्ट्र से जुड़े आरोपी, रिश्तेदारों का नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव के निवासी हैं और आपस में रिश्तेदार बताए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सभी मिलकर संगठित तरीके से चोरी की वारदातें करते थे।

चोरी के पैसों से खरीदी गई थी इनोवा कार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने पहले की गई चेन स्नेचिंग की कमाई से ही इनोवा कार खरीदी थी। महिलाएं भीड़ में घुसकर शिकार को घेरती थीं और कटर से चेन काटकर फरार हो जाती थीं।

पुलिस ने किया सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी, सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल कटर, मोबाइल फोन और इनोवा कार जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Share This Article