अवैध धान परिवहन मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार: बैंक दस्तावेज व चेकबुक बरामद

Advertisement

रायपुर/बलरामपुर। अवैध धान परिवहन और फर्जीवाड़े से जुड़े एक बड़े मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। संयुक्त राजस्व एवं पुलिस टीम की कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से बैंक चेकबुक, विड्राल पर्ची और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पिकअप वाहन से शुरू हुआ पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 26 दिसंबर 2025 की रात लगभग 8 बजे राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम अवैध धान परिवहन रोकने के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान पिकअप वाहन (क्रमांक UP 64CT-4218) को रोका गया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया। पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।

जांच में सामने आया बड़ा नेटवर्क
वाहन चालक से पूछताछ के बाद टीम ने कुलूडीह स्थित एक घर की तलाशी ली, जहां बड़ी संख्या में किसानों से जुड़े दस्तावेज मिले। जांच में सामने आया कि आरोपी श्यामसुंदर गुप्ता और उसके सहयोगी उत्तर प्रदेश से सस्ते दामों पर धान लाकर छत्तीसगढ़ के खरीदी केंद्रों में अलग-अलग किसानों के खातों से बिक्री दिखाकर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचा रहे थे।

इस मामले में मंडी ऑपरेटर और पटवारी सहित कई लोगों की संलिप्तता भी सामने आई, जिसके बाद कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

फरार आरोपी अमित कुमार गुप्ता गिरफ्तार
मामले के मुख्य आरोपी के सहयोगी अमित कुमार गुप्ता (35 वर्ष), निवासी सलवाही, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज लंबे समय से फरार था। 8 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मिनवाखाण्ड क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया।

बड़ी मात्रा में दस्तावेज बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंक चेकबुक, विड्राल पर्ची, एटीएम कार्ड, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इनमें सहकारी बैंक और एचडीएफसी बैंक से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने सभी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article