पटना। बिहार में नई सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार सरकार बनाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और जल्द ही राज्य की सत्ता में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
नीतीश कुमार के राजनीतिक कदम से बदली तस्वीर
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में विधान परिषद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले उन्होंने राज्यसभा जाने की इच्छा जताई थी और नामांकन भी किया था, जिसके बाद राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ गई थी। बताया जा रहा है कि वे 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ले सकते हैं।
नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा तेज
राजनीतिक गलियारों में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों का दावा है कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।
निशांत कुमार को लेकर अटकलों पर विराम
पहले चर्चा थी कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है, लेकिन अब सूत्रों का कहना है कि वे इस पद की शपथ नहीं लेंगे।
शपथ ग्रहण की तारीख जल्द तय होने की संभावना
बिहार में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद जल्द ही नई सरकार का औपचारिक ऐलान हो सकता है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि नए नेतृत्व को लेकर अंतिम फैसला बीजेपी की भूमिका पर भी निर्भर कर सकता है।
