ताड़मेटला नक्सली हमले की बरसी, 76 शहीद जवानों को मिली सच्ची श्रद्धांजलि, 16 साल बाद भी गूंज रहा साहस का स्वर

By
Advertisement
Advertisement

सुकमा: 31 मार्च 2026 को बस्तर नक्सल फ्री घोषित हुआ. इस घोषणा के एक सप्ताह बाद सुकमा के ताड़मेटला में शहीद स्मारक का उद्घाटन हुआ है. यह वही जगह है जहां आज से 16 साल पहले साल 2010 के नक्सली हमले में 76 जवान शहीद हुए थे. शहीद हुए 76 जवानों की याद में शहादत स्मारक का उद्घाटन सोमवार को किया गया है. 6 अप्रैल 2010 यह तारीख केवल एक दिन नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा के इतिहास में दर्ज एक ऐसी पीड़ा है, जिसे समय भी पूरी तरह भर नहीं पाया. उस दिन तत्कालीन दंतेवाड़ा (वर्तमान सुकमा) जिले के ताड़मेटला के घने जंगलों में जो हुआ, उसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। नक्सलियों द्वारा रचे गए घातक एंबुश में 76 जवान वीरगति को प्राप्त हुए. यह स्वतंत्र भारत के इतिहास की सबसे बड़ी नक्सली हमलों में से एक थी.

ताड़मेटला के शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि

आज 6 अप्रैल 2026 को ठीक 16 साल बाद, उसी ताड़मेटला की धरती पर उन वीर जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई. जहां कभी गोलियों की गूंज थी, आज वहां शांति, सम्मान और गर्व का वातावरण था. सीआरपीएफ के डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ पुलिस के एडीजी विवेकानंद सिंह, बस्तर आईजी पी सुंदरराज, सीआरपीएफ डीआईजी आनंद राजपुरोहित और सुकमा कलेक्टर अमित कुमार की उपस्थिति में शहीद स्मारक का उद्घाटन किया गया. यह स्मारक केवल एक संरचना नहीं, बल्कि उन 76 वीरों के अदम्य साहस और बलिदान की जीवंत पहचान है.

Inauguration of Martyr Memorial in Tarmetla

ताड़मेटला में शहीद स्मारक का उद्घाटन 

कैसे हुआ था ताड़मेटला नक्सल अटैक ?

ताड़मेटला की यह धरती कभी खून से लाल हुई थी. 6 अप्रैल 2010 को सुरक्षा बलों की एक टीम पांच अप्रैल को बुरकापाल होते हुए सर्च ऑपरेशन पर निकली थी. अगली सुब जब ताड़मेटला के जंगल के बीच जैसे ही जवान पहुंचे पूर्व से घात लगाए नक्सलियों ने जो पहले से ही एक बड़ा एंबुश प्लान कर रखा था. जैसे ही जवान उस इलाके में पहुंचे, जवानों पर माओवादियों ने बम धमाका किया जिसके बाद जवानों के बीच अफरा तफरी मच गई ओर चारों तरफ से गोलियों की बौछार शुरू हो गई. जवानों ने बहादुरी से मुकाबला किया, लेकिन संख्या और परिस्थितियों के सामने 76 जवान शहीद हो गए. इन शहीद जवानों में 75 जवान सीआरपीएफ 62 वाहिनी के थे और एक जवान जिला पुलिस में कार्यरत थे.

Tadmetla Encounter Site

ताड़मेटला एनकाउंटर स्थल 

आज हम जिस नक्सल मुक्त भारत की ओर बढ़ रहे हैं, उसका श्रेय इन्हीं वीर जवानों को जाता है. उनके बलिदान ने हमें मजबूती दी, दिशा दी और संघर्ष करने की प्रेरणा दी. मैं सभी शहीदों को नमन करता हूं और विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं-ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, डीजी, सीआरपीएफ

Martyrs Memorial in Sukma

शहीद स्मारक का उद्घाटन कार्यक्रम 

बस्तर में बदलता दौर

बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने कहा कि इन वीर जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं गई. आज बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है. जिन इलाकों में कभी सुरक्षा बलों को जाने में डर लगता था, आज वहां विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं.उन्होंने कहा इन जवानों के बलिदान ने हमें यह सिखाया कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी देश की सुरक्षा सर्वोपरि है. आज जो हम नक्सल मुक्त बस्तर की ओर बढ़ रहे हैं, वह इन्हीं की वजह से संभव हो पाया है.

Martyrs Memorial in Tarmetla

ताड़मेटला में शहीद स्मारक

शहीद स्मारक के जरिए वीर जवानों को मन

ताड़मेटला में बना यह शहीद स्मारक उन 76 वीरों की याद में एक स्थायी श्रद्धांजलि है. जब अधिकारी और जवान यहां पहुंचे, तो माहौल भावुक हो उठा। पुष्प अर्पित करते समय कई आंखें नम थीं लेकिन उन आंसुओं में गर्व भी था. यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को यह याद दिलाएगा कि देश की सुरक्षा के लिए कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है.

Martyred Soldiers of Tadmetla

ताड़मेटला के शहीद जवान

परिवारों का गर्व और दर्द

शहीदों के परिवारों के लिए यह दिन बेहद भावुक था. जिन घरों के चिराग उस दिन बुझ गए थे, आज उनकी याद में सम्मान का दीप जलाया गया. कई परिवारों ने अपने बच्चों को भी सेना और सुरक्षा बलों में भेजने का संकल्प लिया है.यह बताता है कि दर्द के बावजूद देशभक्ति की भावना कम नहीं हुई, बल्कि और मजबूत हुई है।

ताड़मेटला: अब डर नहीं, उम्मीद और विकास नाम

सुकमा कलेक्टर अमित कुमार ने भी इस अवसर पर गांव के विकास को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने कहा कि ताड़मेटला जैसे दूरस्थ और कभी भय के साए में रहने वाले गांव को अब मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा.

जल्द ही ताड़मेटला गांव तक सड़क निर्माण का कार्य पूरा किया जाएगा, ताकि यहां के लोगों को आवागमन में परेशानी न हो. गांव में जो दो स्कूल अभी कच्चे भवनों में संचालित हो रहे हैं, उन्हें पक्के भवन में स्थानांतरित किया जाएगा. इसके साथ ही अन्य मूलभूत सुविधाएं भी गांव वालों तक पहुंचाई जाएंगी- अमित कुमार, कलेक्टर, सुकमा

जहां कभी नक्सलियों का खौफ था, आज वहीं विकास और विश्वास की नई कहानी लिखी जा रही है. सड़कें बन रही हैं, स्कूल खुल रहे हैं, और सबसे बड़ी बात लोगों के दिलों से डर धीरे-धीरे खत्म हो रहा है. ताड़मेटला अब केवल एक घटना का नाम नहीं, बल्कि उस संघर्ष, साहस और बदलाव का प्रतीक है, जिसने बस्तर की तस्वीर बदल दी.

Advertisement
Share This Article