अंबिकापुर सड़क हादसा: स्कॉर्पियो ने 3 महिलाओं को रौंदा, मौके पर मौत; चालक की भीड़ ने की पिटाई

Advertisement

सरगुजा। अंबिकापुर में नेशनल हाईवे-130 पर ग्राम भिठ्ठीकला के पास रविवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रही तीन महिलाओं को रौंद दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।


तेज रफ्तार वाहन ने ली तीन जानें

जानकारी के अनुसार ग्राम जोगीबांध की तीन महिलाएं रविवार शाम करीब 5 बजे भिठ्ठीकला बाजार आई थीं। देर शाम करीब 7 बजे वे सड़क पार कर घर लौट रही थीं, तभी अंबिकापुर से बिलासपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद वाहन सामने से आ रहे ट्रक से भी जा भिड़ा। हादसा इतना भीषण था कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना के बाद मौके पर बवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो चालक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


चालक को पुलिस ने भीड़ से बचाया

मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ से बचाकर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।


हाईवे पर चक्का जाम, घंटों अफरा-तफरी

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। पुलिस बल की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।


पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने तीनों शवों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article