रायगढ़। छत्तीसगढ़ के लैलूंगा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घर में घुसकर किया अपहरण, मां के सामने उठा ले गया आरोपी
मामला 2 अप्रैल का है, जब आरोपी राजेश गुप्ता (36), निवासी टटकेला, नशे की हालत में पीड़िता के घर में घुसा। आरोपी ने किशोर के पिता के बारे में पूछताछ की और जानकारी नहीं मिलने पर उसे जबरन अपने साथ कार में बैठाकर ले गया।
धमकी देकर ले गया, रास्ते में भी किया हमला
आरोपी ने किशोर की मां को धमकी दी कि बच्चा लेकर जा रहा है और 10,000 रुपये लेकर उसके पिता आएं। इसके बाद जब परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे थे, तो आरोपी ने रास्ते में उनकी गाड़ियों को टक्कर मारकर रोकने और दुर्घटना करने का प्रयास भी किया।
पुलिस की घेराबंदी, जंगल से बरामद हुआ बालक
सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। ग्राम कुंजारा और सारसमाल के बीच से बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को उसके TUV वाहन सहित गिरफ्तार किया गया।
मामला दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपहरण जैसे गंभीर मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
लैलूंगा पुलिस ने 17 वर्षीय बालक अपहरण मामले में त्वरित कार्रवाई कर कुछ ही घंटों में बच्चे को सकुशल बरामद किया और आरोपी राजेश गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
