सरिया प्रशासन का खनिज माफियों पर बड़ा प्रहार, 08 ट्रैक्टर जब्त सरिया प्रशासन जीरो टॉलरेंस के मूड में,

Advertisement

बरमकेला। जिले में अवैध खनिज परिवहन एवं उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सरिया तहसील के ग्राम कटंगपाली में टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने दबिश देकर बिना वैध दस्तावेज के डोलोमाइट का परिवहन कर रहे 08 ट्रैक्टरों को जब्त किया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय खनिज माफियों में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में खौफ का माहौल बन गया है।

सरिया प्रशासन जीरो टॉलरेंस के मूड में, खनिज माफियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटंगपाली–मौहापाली क्षेत्र लंबे समय से अवैध डोलोमाइट उत्खनन और परिवहन का गढ़ बना हुआ था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए टास्क फोर्स, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ अचानक छापामार कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान मौके पर डोलोमाइट से लदे 08 ट्रैक्टर पकड़े गए। जब चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना प्रभारी सरिया के सुपुर्द कर दिया।

क्षेत्र में  अवैध उत्खनन और परिवहन के सक्रिय नेटवर्क  पर प्रशासन की यह कार्रवाई सीधे प्रहार के रूप में देखी जा रही है। जब्त वाहनों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसका प्रतिवेदन तत्काल जिला खनिज विभाग को भेजा जाएगा, जहां से जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरिया तहसील क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में ऐसे माफियों के खिलाफ और भी सख्त एवं व्यापक अभियान चलाए जाएंगे।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद जहां अवैध खनिज कारोबारियों में डर और बेचैनी का माहौल है, वहीं आम जनता ने प्रशासन के इस सख्त कदम का स्वागत करते हुए इसे जरूरी और सराहनीय बताया है।

कार्रवाई को लेकर तहसीलदार सरिया कोमल प्रसाद साहू ने  कहा कि “सरिया क्षेत्र में अवैध खनिज माफियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आज 08 ट्रैक्टरों की जब्ती केवल शुरुआत है, आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।”

वहीं थाना प्रभारी सरिया प्रमोद कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि “लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पकड़े गए सभी ट्रैक्टर बिना वैध दस्तावेज के डोलोमाइट परिवहन में लगे थे। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Share This Article