मुखबिर की सूचना पर कंचनपुर बैरियर में पुलिस की घेराबंदी उड़ीसा से कोरबा जा रही गांजा खेप पकड़ी गई
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 73 किलो 345 ग्राम अवैध गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक काले रंग की वेन्यू कार में भारी मात्रा में गांजा उड़ीसा से कोरबा ले जाया जा रहा है, जिसके आगे क्रेटा कार पायलटिंग कर रही है। सूचना के आधार पर कंचनपुर बैरियर मेन रोड पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया।
वेन्यू कार में 70 पैकेट गांजा बरामद पायलटिंग कर रही क्रेटा कार से भी दो आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान वेन्यू कार चालक ने अपना नाम रमेश सिदार उर्फ सोनू सिदार बताया, जो जिला कोरबा का निवासी है। वाहन की तलाशी लेने पर 70 पैकेट में भरा कुल 73 किलो 345 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
वहीं पायलटिंग कर रही क्रेटा कार में सवार दो व्यक्तियों की पहचान राजेंद्र कुमार दिवाकर और प्रीतम चेलकर के रूप में हुई, जो दोनों कोरबा जिले के निवासी हैं।
उड़ीसा से खरीदकर कोरबा में बिक्री की थी योजना पुलिस ने दोनों वाहन और मादक पदार्थ जब्त किए
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह गांजा उड़ीसा के बौद्ध जिला निवासी रवि नामक व्यक्ति से खरीदा था और इसे कोरबा में बेचने की योजना थी। पुलिस ने दोनों कारों सहित गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।
जब्त संपत्ति में 73 किलो 345 ग्राम गांजा जिसकी कीमत लगभग 7,20,000 रुपये, क्रेटा कार करीब 10 लाख रुपये, वेन्यू कार लगभग 7 लाख रुपये और तीन मोबाइल शामिल हैं। कुल जप्त संपत्ति लगभग 24,42,000 रुपये आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
थाना सरिया में अपराध क्रमांक 66/2026 धारा 20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सक्रियता से बड़ी तस्करी योजना नाकाम
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सउनि कमल राजपूत, प्रधान आरक्षक विजय यादव सहित साइबर सेल और अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी के निर्देश पर नशे के कारोबार पर लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी सूरत में ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
