बड़ाबांबो क्षेत्र में ट्रेनों पर पत्थरबाजी रोकने आरपीएफ ने चलाया जागरूकता अभियान

By
Advertisement
Advertisement

चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा रविवार को बड़ाबांबो क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

यह अभियान बड़ाबांबो अंचल के पोटोबेड़ा, तेलांगजुडी, पिताकलांग और पारिया सहित किलोमीटर संख्या 296 से 307 के बीच के विभिन्न गांवों तथा बड़ाबांबो हाट बाजार में संचालित किया गया।

यह जागरूकता अभियान चक्रधरपुर आरपीएफ थाना प्रभारी कमलेश सोरेन के निर्देश पर आयोजित किया गया। अभियान में सहायक उप निरीक्षक एस. के. प्रधान, कृष्णा महतो एवं अनिमेष नायक की टीम ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों, युवाओं एवं बच्चों को ट्रेनों पर पत्थरबाजी नहीं करने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की घटनाओं से रेल यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न होता है तथा कई बार यात्रियों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आती हैं।

आरपीएफ अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रेनों पर पथराव करना एक दंडनीय अपराध है, जिसके लिए पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इससे न केवल संबंधित व्यक्ति बल्कि उसके परिवार को भी गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं तथा समाज की छवि भी प्रभावित होती है।

आरपीएफ द्वारा चलाया गया यह जागरूकता अभियान स्थानीय लोगों में सुरक्षा और जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Advertisement
Share This Article