चक्रधरपुर। असम विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रत्याशियों के समर्थन में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी सक्रिय रूप से प्रचार अभियान में जुटी हुई हैं। वे इन दिनों असम के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं और चुनावी कार्यक्रमों में भाग ले रही हैं।

पिछले दो दिनों से सांसद जोबा माझी असम के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में लगातार चुनाव प्रचार कर रही हैं। इसी क्रम में रविवार को वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी तथा विधायक जिग्गा सुसासन होरो के साथ असम के सोनारी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में शामिल हुईं। यहां उन्होंने प्रत्याशी बलदेव तेली के समर्थन में लोगों को संबोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने असम के स्थानीय पार्टी नेताओं एवं समर्थकों के साथ संवाद कर चुनावी रणनीति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि चुनावी सभाओं में झामुमो को जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग जनसभाओं में शामिल हो रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस चुनाव में झामुमो बेहतर प्रदर्शन करेगा और कई सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार के अंतिम चरण तक असम में सक्रिय रहेंगे।

