बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की शिक्षिका एनुका सार्वा ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लोक नृत्य में पहला स्थान हासिल किया है. म्यूजिक डांस एवं मोनो प्ले प्रतियोगिता का आयोजन केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड द्वारा किया गया था.
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति
नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 20 से 25 मार्च तक आयोजित इस प्रतियोगिता में एनुका सार्वा ने पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया.
.
टीचर के साथ बेहतरीन कलाकार
एनुका सार्वा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डौंडी लोहारा में भौतिक शास्त्र की व्याख्याता हैं. उन्हें बचपन से ही कला और संस्कृति में गहरी रुचि रही है. वे शास्त्रीय नृत्य ओडिसी में भी प्रशिक्षित हैं और कई राष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुति दे चुकी हैं.
राज्य स्तर से हुआ चयन
रायपुर के महंत घासीदास संग्रहालय में आयोजित राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई. इसी चयन प्रक्रिया में एनुका सार्वा का चयन लोक नृत्य श्रेणी में हुआ.
विद्यालय और जिले में खुशी का माहौल
एनुका की इस उपलब्धि से उनके विद्यालय और पूरे बालोद जिले में खुशी और गर्व का माहौल है. प्राचार्य वी.के. भंडारी और अन्य शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है.
परिवार से मिला प्रेरणा
एनुका सार्वा, पेंशनर समाज के अध्यक्ष सियाराम सार्वा की पुत्री हैं, जिन्होंने 40 वर्षों तक शासन सेवा में योगदान दिया है. परिवार से मिली प्रेरणा ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया.