रायगढ़, 21 मार्च 2026। जिले के थाना भूपदेवपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमरपाली में पुलिस द्वारा जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और नशामुक्ति पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस जन चौपाल में डूमरपाली सहित आसपास के 7-8 गांवों की करीब 500-600 महिलाएं, महिला समितियों के सदस्य और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
“हेलो सिस्टर” हेल्पलाइन की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उप पुलिस अधीक्षक उन्नति ठाकुर एवं थाना प्रभारी कोतरारोड निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर ने महिला सुरक्षा के लिए संचालित “हेलो सिस्टर” हेल्पलाइन (9479270533) की जानकारी दी। महिलाओं को किसी भी समस्या में बेझिझक संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की गई।
नशामुक्ति के लिए महिलाओं का संकल्प
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नशा अपराध और घरेलू हिंसा का बड़ा कारण है, इसलिए इसे रोकने में समाज की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों और “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ-सट्टा पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में महिला समितियां सक्रिय हैं, वहां अपराध में कमी देखने को मिली है।
पुलिस-जन सहयोग पर जोर
थाना प्रभारी भूपदेवपुर उप निरीक्षक संजय नाग ने बताया कि पुलिस गांव-गांव पहुंचकर अवैध शराब और अन्य गतिविधियों के खिलाफ समझाइश के साथ सख्त कार्रवाई कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक रूप से अपने गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया और पुलिस के साथ मिलकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ काम करने का भरोसा दिलाया।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा,
“नशे के खिलाफ लड़ाई में जनसहभागिता बेहद जरूरी है। किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

