रायगढ़, 21 मार्च। शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा “विजुअल पुलिसिंग” अभियान के तहत लगातार पैदल पेट्रोलिंग और सख्त कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में बीते तीन दिनों से विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अड्डेबाजी और खुले में शराब सेवन करने वालों के खिलाफ अभियान तेज किया है।

थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में पहाड़ मंदिर और टीवी टावर इलाके में पैदल मार्च के दौरान पुलिस ने 6 लोगों को पकड़ा। इनमें से एक आरोपी आकाश राठिया के खिलाफ खुले में शराब सेवन करने पर आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, नशे में वाहन चलाते पाए गए अरविंद डनसेना पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत केस दर्ज किया गया, जिसमें 10 हजार रुपये जुर्माना या 6 माह की सजा का प्रावधान है।

इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने मुख्य बाजार, उर्दना और ईलामाल क्षेत्र में पैदल पेट्रोलिंग कर सघन चेकिंग की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते पाए गए 9 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि अन्य लोगों को समझाइश देकर छोड़ा गया।

वहीं, जूटमिल थाना पुलिस और रिजर्व बल ने पुराना बस स्टैंड, दुर्गा चौक, हीरानगर, कबीर चौक, कांशीराम चौक और अटल चौक क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। पुलिस की सक्रियता को देखते हुए कई स्थानों पर अड्डेबाजी कर रहे लोग मौके से हट गए। थाना प्रभारी ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि विजुअल पुलिसिंग के तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। खुलेआम शराब सेवन करने वालों और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

