ऑपरेशन प्रहार: रायगढ़ पुलिस की अवैध कबाड़ पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 24 घंटे में करोड़ों की संपत्ति जब्त

3 Min Read
📊 Post Views: 13 Views

दो ट्रकों से 48 टन से अधिक स्क्रैप बरामद, लावारिस वाहन भी पकड़ा गया; अवैध कबाड़ नेटवर्क पर पुलिस का सख्त प्रहार

रायगढ़, 19 मार्च। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पिछले 24 घंटे में पूंजीपथरा पुलिस ने तीन बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए अवैध स्क्रैप के परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाई है।

पहली कार्रवाई: ओडिशा पासिंग ट्रक से 22.75 टन अवैध स्क्रैप जब्त

17 मार्च को पुलिस ने वाहन क्रमांक OR07 W 8355 से 22.75 टन अवैध स्क्रैप बरामद किया। इस मामले में आरोपी राजेश यादव (20 वर्ष) निवासी नसरतपुर, थाना धनर्वा, जिला पटना (बिहार) के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

दूसरी कार्रवाई: अग्रोहा प्लांट के पास ट्रक से 25.660 टन स्क्रैप बरामद

18 मार्च को मुखबिर की सूचना पर अग्रोहा प्लांट के पास ट्रक क्रमांक OD15G-2795 पर छापेमारी की गई। मौके पर चालक उपन्यास कुमार (20 वर्ष) निवासी भोजपुर (बिहार) मौजूद मिला, जो स्क्रैप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने ट्रक में लोड 25.660 टन स्क्रैप (कीमत लगभग ₹8.46 लाख) जब्त किया। ट्रक सहित कुल ₹18.46 लाख की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ BNSS एवं BNS की धाराओं में कार्रवाई की गई।

तीसरी कार्रवाई: तमनार चौक के पास लावारिस ट्रक से कबाड़ जब्त

रात्रि गश्त के दौरान तमनार चौक के पास एक 12 चक्का ट्रक (क्रमांक OR14R9011) लावारिस हालत में मिला, जिसमें लोहे और टीन का कबाड़ लोड था। चालक का कोई पता नहीं मिलने पर वाहन को जप्त कर लिया गया और वाहन स्वामी की तलाश जारी है।

अवैध कबाड़ नेटवर्क पर पुलिस की सख्त निगरानी

इन तीनों कार्रवाइयों के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि बिना दस्तावेज स्क्रैप परिवहन और अवैध कबाड़ कारोबार पर अब लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

इस अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, आरक्षक ओम प्रकाश तिवारी, विनोद शर्मा एवं सुरेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि

“जिले में सक्रिय अवैध कबाड़ नेटवर्क की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

 

📊 Post Views: 13 Views
Share This Article