रायगढ़ में “ऑपरेशन तलाश” में बड़ी कामयाबी, फरार आरोपी निलेश साहू गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। 17 मार्च को थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में पुलिस ने “ऑपरेशन तलाश” के तहत चोरी के एक गंभीर मामले में फरार आरोपी निलेश साहू को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी निलेश साहू ने अपनी लिव-इन पार्टनर नेहा साहू और सहयोगी आशीष महंत के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इससे पहले पुलिस ने नेहा साहू और आशीष महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था।

शिकायत और प्राथमिकी
मामले में प्रार्थिया प्रमिला शर्मा (58 वर्ष), निवासी गुलमोहर कॉलोनी, ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 नवंबर 2025 को अनकूट पूजा के दौरान घर के आभूषण और नगदी गायब हो गए। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 494/2025 धारा 331(4), 305 (क), 3 (5) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस की कार्यवाही
जांच के दौरान नेहा साहू की पतासाजी की गई, जो मोबाइल बंद कर फरार हो गई थी। पुलिस ने उसे 18 जनवरी 2026 को दिनदयालपुरम स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार किया। पूछताछ में नेहा ने बताया कि उसने प्रार्थिया को चाय में नशीली दवा मिलाकर बेहोश किया और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी चोरी कर निलेश साहू को दे दी। इसके बाद आशीष महंत के साथ मिलकर चोरी का सामान बेचा गया और उससे खरीदी गई वस्तुएं जब्त कर ली गईं।

फरार आरोपी निलेश साहू की लगातार पतासाजी की जा रही थी और पुलिस टीम ने उसे उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी ने चोरी स्वीकार की और बताया कि दो सोने के सिक्के (10-10 ग्राम) अपने घर में छिपाकर रखे थे। पुलिस ने इन सिक्कों की कीमत लगभग ₹3.20 लाख आंका और उन्हें जप्त कर लिया।

गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
आरोपी निलेश साहू, पिता राजेश साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी रेलवे बंगलापारा, थाना कोतवाली, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने इस मामले में सराहनीय भूमिका निभाई।

एसएसपी का संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा:
“चोरी, धोखाधड़ी और विश्वासघात जैसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों पर रायगढ़ पुलिस कड़ी नजर रखे हुए है और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

Advertisement
Share This Article