रायगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म व वसूली: आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए पकड़ाया, महिला थाना की त्वरित कार्रवाई

By
Advertisement
Advertisement

इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क कर आरोपी ने किया दुष्कर्म, धमकाकर ऐंठे 10 हजार रुपये; घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त

रायगढ़, 17 मार्च 2026। रायगढ़ जिले के महिला थाना ने नाबालिग से दुष्कर्म और वसूली के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उद्धव दास महंत (21 वर्ष), निवासी टाड़ीपार वार्ड 06, थाना केडार, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, वर्तमान निवास बाजीपाली पटेल के किराए के मकान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना ने अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 64, 351(3) बी.एन.एस. तथा धारा 4 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।

पीड़िता ने बयान में बताया घटना का भयावह सिलसिला

पीड़िता ने बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी से अपने मामा के गांव में हुई थी। इसके बाद इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई। 26 जनवरी को आरोपी उसे स्कूल के पास से मोटरसाइकिल में बैठाकर घुमाने के बहाने अपने किराए के मकान बाजीपाली ले गया। वहां बहला-फुसलाकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और किसी को बताने पर धमकी दी।

इसके बाद 11 मार्च 2026 को आरोपी पीड़िता के घर के पास पहुंचकर डराकर ₹10,000 की मांग की, जिसे पीड़िता ने भयवश दे दिया। जब परिजन को घटना की जानकारी मिली, तब पीड़िता को लेकर महिला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

थाना की त्वरित कार्रवाई: आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त

थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, विल्फ्रेड मसीह, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव और अन्य थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा:

“महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध अत्यंत गंभीर श्रेणी में आते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। आमजन से अपील है कि ऐसे मामलों को छिपाएं नहीं, तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि पीड़ित को न्याय और आरोपियों को सजा दिलाई जा सके।”

 

Advertisement
Share This Article