डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में सर्च अभियान और कम्युनिटी पुलिसिंग का असर, ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
जशपुर। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। Dr. Lal Umed Singh, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Jashpur के नेतृत्व में चल रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 15 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
ग्रामीणों की सूचना पर जंगल में घेराबंदी, 12 गौवंश बचाए
पुलिस के अनुसार 15 मार्च 2026 को सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ग्राम हाथीसार के जंगल मार्ग से गौवंशों को पैदल हांकते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर कार्रवाई की और 12 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी असरफुल कादरी (23) निवासी गोविंदपुर, झारखंड, शरीफ अंसारी (23) निवासी डढ़गांव, जशपुर तथा एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास गौवंश से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
आरा क्षेत्र में भी कार्रवाई, 3 गौवंश बरामद
इसी क्रम में 16 मार्च की सुबह चौकी आरा क्षेत्र के ग्राम गोढ़ीटोली के पास ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दो अन्य तस्करों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से 3 गौवंश बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में याकूब खान (45) और सरवर आलम (38) शामिल हैं। दोनों के खिलाफ भी पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
एक सप्ताह में 70 गौवंश तस्करों से मुक्त
पुलिस के अनुसार बीते एक सप्ताह में जशपुर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 70 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है और कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
ऑपरेशन ‘शंखनाद’ के तहत जारी है सख्त कार्रवाई
जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत सघन अभियान शुरू किया है। पुलिस लगातार संभावित रास्तों पर निगरानी रख रही है और ग्रामीणों के बीच जाकर कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से सहयोग की अपील कर रही है।

