घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में दो शावक हाथियों के शव मिलने से हड़कंप

2 Min Read

कुरकुट नदी किनारे जंगल में मिली दो शावक हाथियों की लाश, वन विभाग ने शुरू की जांच

घरघोड़ा। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के पाकादरहा क्षेत्र के कुरकुट नदी किनारे सुहाई जंगल में दो शावक हाथियों के शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथियों की उम्र लगभग दो से ढाई साल बताई जा रही है और यह घटना आज दोपहर लगभग 12 बजे सामने आई।



वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जांच में संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ फॉरेस्ट घरघोड़ा आशुतोष मंडावा और वन परिक्षेत्र अधिकारी तमनार विक्रांत सिंह टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शुरुआती रिपोर्ट में मौत को संदिग्ध परिस्थितियों से जोड़ा जा रहा है। इस बीच, तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



पोस्टमार्टम से पता लगेगा मौत का कारण

वन विभाग ने दोनों शावक हाथियों का पशु चिकित्सा अधिकारी की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया। विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हाथियों की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसमें कोई साजिश है।



वन विभाग की चेतावनी

वन विभाग ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता दी जा रही है और जल्द ही सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा। जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Share This Article