छत्तीसगढ़ में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य, मंत्रालय ने की समीक्षा बैठक

3 Min Read

मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में ली गई आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी

छत्तीसगढ़ के Chhattisgarh में घरेलू एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और वितरण प्रणाली की समीक्षा के लिए मंत्रालय महानदी भवन में आज महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने की। बैठक में राज्य की सभी प्रमुख ऑयल कंपनियों के अधिकारी मौजूद रहे।

एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घरेलू आपूर्ति सामान्य

बैठक में बताया गया कि राज्य में संचालित सभी 5 एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और घरेलू गैस की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है। सचिव रीना कंगाले ने निर्देश दिए कि एलपीजी गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति सीमित, शैक्षणिक संस्थाओं को प्राथमिकता

बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर केवल विशेष आवश्यक संस्थाओं, जैसे अस्पताल और शैक्षणिक संस्थाएं को ही प्रदान किए जा रहे हैं। सचिव कंगाले ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की परीक्षाओं के दौरान शैक्षणिक संस्थाओं और छात्रावासों को गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही 15 प्रतिशत कमर्शियल गैस की आपूर्ति होटलों आदि को भी सीमित स्तर पर प्रदान करने पर विचार किया जाए।

अवैध रिफिलिंग और दुरुपयोग रोकने के निर्देश

सचिव ने जिलों में एलपीजी गैस के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए। जिला प्रशासन को आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी को रोका जा सके।

पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता

बैठक में राज्य के डीजल, पेट्रोल और सीएनजी गैस की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि तीनों डिपो में पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है। सचिव कंगाले ने निर्देश दिए कि डीजल और पेट्रोल की दैनिक आपूर्ति और वितरण पर नियमित निगरानी रखी जाए।

उपभोक्ताओं के लिए आश्वासन और शिकायत निवारण

खाद्य सचिव रीना कंगाले ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि प्रदेश में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त आपूर्ति है और किसी प्रकार की कमी या शॉर्टेज नहीं है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता गैस एजेंसी के माध्यम से नियमानुसार सिलेंडर प्राप्त कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की आपूर्ति संबंधी शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article