रायगढ़, 10 मार्च। शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष मैरिज गार्डन के पास युवक से हुई मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी मनीष सिंह उर्फ बिहारी बाबू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार 24–25 मई 2025 की रात विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास एक युवक के साथ कुछ युवकों ने रास्ता रोककर मारपीट की थी। पीड़ित ने चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 24 मई को अपनी बहन के घर ग्राम लामीदरहा गया था और देर रात करीब 1:30 बजे लौटते समय कुछ युवकों ने मोटरसाइकिल और स्कूटी से उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों में मनीष बिहारी, बबलू दास महंत, अंकुल ठाकुर और उनके अन्य साथी शामिल थे, जिन्होंने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और हथियारों से हमला कर दिया।
पीड़ित किसी तरह मौके से जान बचाकर भागा और परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे विशेष वर्ग का सदस्य जानते हुए अपमानित करते हुए मारपीट की।
मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 219/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v)(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। प्रकरण की विवेचना नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा द्वारा की जा रही है। इससे पहले 20 फरवरी को पुलिस ने मामले में शामिल आरोपी अंकुल ठाकुर उर्फ अंशुल ठाकुर को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार किया था। वह पहचान छिपाने के लिए अपना हुलिया बदलकर शहर में घूम रहा था।
इसी क्रम में फरार आरोपी मनीष सिंह उर्फ बिहारी बाबू (26 वर्ष), निवासी लेबर कॉलोनी थाना जूटमिल जिला रायगढ़, हाल मुकाम छातामुड़ा बाईपास को चक्रधरनगर पुलिस ने शहर में घूमते हुए देखे जाने की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना जूटमिल में भी मारपीट सहित अन्य अपराध दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा मामले में शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है। अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
“ऑपरेशन तलाश” में फरार आरोपी मनीष बिहारी गिरफ्तार, मैरिज गार्डन के पास युवक से मारपीट का मामला

