अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शिक्षाविद् डॉ. मनीषा त्रिपाठी का हुआ सम्मान, शिक्षा-साहित्य और समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला ‘नारी शक्ति सम्मान’

3 Min Read

समाज में नारी शक्ति की भूमिका और समकालीन मुद्दों पर हुआ सार्थक विमर्श

08 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायगढ़ स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल में नवनिर्माण संकल्प समिति एवं संस्कार पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य “नारी शक्ति सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर रायगढ़ का मान बढ़ाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान महिला जागरूकता, संघर्ष, सुरक्षा और सशक्तिकरण जैसे समसामयिक विषयों पर विचार साझा किए गए तथा समाज में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को रेखांकित किया गया।

राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद् डॉ. मनीषा त्रिपाठी को प्रदान किया गया सम्मान

संस्कार पब्लिक स्कूल रायगढ़ के संचालक एवं कार्यक्रम संयोजक श्री रामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि के रूप में श्रीमती आशा त्रिपाठी एवं श्रीमती गीता उपाध्याय उपस्थित रहीं। उनके करकमलों से राज्यपाल पुरस्कार से अलंकृत शिक्षाविद् डॉ. मनीषा त्रिपाठी, प्रधान पाठक, शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला रायगढ़ को शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने उनके योगदान की सराहना करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।


पूर्व में भी अनेक संस्थाओं द्वारा मिल चुका है विशिष्ट सम्मान

डॉ. मनीषा त्रिपाठी को इससे पूर्व भी विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन रायपुर द्वारा “महिला शिखर सम्मान”, विप्र समाज द्वारा “संघर्षशील महिला अवार्ड”, विजय लक्ष्मी समूह रायगढ़ द्वारा “नारी शक्ति सम्मान” तथा भारतीय जीवन बीमा निगम रायगढ़ द्वारा “सशक्त महिला सम्मान” सहित अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने उन्हें सम्मानित किया है। शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनकी सक्रियता उन्हें समाज में एक प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित करती है।


शताधिक महिलाओं की सहभागिता से कार्यक्रम बना प्रेरणादायी

कार्यक्रम में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आईं शताधिक महिलाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया। इस दौरान कई सामाजिक विषयों पर खुलकर चर्चा की गई, जिससे कार्यक्रम का वातावरण प्रेरणादायी और जागरूकता से परिपूर्ण रहा।


सम्मान प्राप्ति पर सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने दी बधाई

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर इस सम्मान से अलंकृत होने पर डॉ. मनीषा त्रिपाठी को विभिन्न सामाजिक संगठनों, इष्ट-मित्रों और शुभचिंतकों द्वारा बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को निरंतर प्रेरणादायी बताया।

Share This Article