बिग ब्रेकिंग : पुलिस हिरासत में टॉर्चर का आरोप, संदिग्ध की हालत बिगड़ी — रायपुर में इलाज के दौरान मौत

2 Min Read

परसकोल हत्याकांड की जांच में हिरासत में लिया गया युवक गंभीर रूप से बीमार हुआ, खरसिया से रायगढ़ मेडिकल कॉलेज होते हुए रायपुर रेफर किया गया था

खरसिया थाना क्षेत्र के परसकोल हत्याकांड की जांच के दौरान हिरासत में लिए गए संदिग्ध युवक रमेश चौहान की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद पहले उसे खरसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर भेज दिया, जहां गुरुवार तड़के लगभग 3 से 3:30 बजे के बीच उसकी मृत्यु हो गई।

परिजनों का आरोप – पुलिस हिरासत में मारपीट और टॉर्चर से शरीर का एक हिस्सा हुआ पैरालाइज

मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस हिरासत के दौरान रमेश चौहान के साथ मारपीट और टॉर्चर किया गया, जिसके कारण उसके शरीर का एक हिस्सा पैरालाइज हो गया था। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कराए गए सिटी स्कैन में उसके सिर में खून का थक्का जमने की भी पुष्टि हुई थी।

पुलिस की ओर से अब तक नहीं आया आधिकारिक बयान, परिवार ने मांगी निष्पक्ष जांच

घटना को लेकर पुलिस विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं मृतक के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इलाके में चर्चा का माहौल, लोगों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी

संदिग्ध की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग मामले की सच्चाई सामने आने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की उम्मीद जता रहे हैं।

Share This Article