लोकतंत्र की मज़बूती के लिए युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण – सतीश प्रकाश सिंह

“स्व. प्यारे लाल कंवर” शासकीय महाविद्यालय भैसमा में ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब’ का हुआ गठन, रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने बताया एसआईआर का महत्त्व
कोरबा/ भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने हेतु दिनांक 18 फरवरी 2026 को सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति में “स्व प्यारे लाल कंवर” शासकीय महाविद्यालय भैसमा में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) का गठन किया गया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर “इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC), विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदान के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। इस अवसर पर सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए एस.आई.आर.का महत्व बताया तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक युवा को एक जागरूक मतदाता के रूप में अपने मतदान केंद्र में अपना नाम पंजीकृत कराने के लिए प्रेरित किये।

उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं के योगदान को महत्वपूर्ण बताया । सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के गठन के उद्देश्यों को विस्तार से बताया तथा युवाओं से लोकतंत्र की मज़बूती के लिए आगे आकर अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किये।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. साधना खरे ने स्वीप कार्यक्रम की गतिविधियों में महाविद्यालय द्वारा सदैव अग्रणी रूप से सहयोग किये जाने की जानकारी दी। कार्यक्रम के प्रारम्भ में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. साधना खरे एवं सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। तत्पश्चात कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं मतदाता जागरूकता सम्बन्धी गीत की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय की आयोजन टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक दीपेश कुमार के द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जे. एल. चौहान, सहायक प्राध्यापक जितेंद्र कँवर,
डॉ. अनुराधा तिर्की महाविद्यालय स्वीप नोडल अधिकारी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शपथ लेकर शत-प्रतिशत मतदान और पंजीकरण के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।