नरेंद्र रतेरिया की पहल पर बड़े रामपुर नगरवन गार्डन गेट के सामने रतेरिया बगीचा में होगा आयोजन
रायगढ़: समाजसेवी एवं नेत्रदानी स्व. सेठ दीनदयाल रतेरिया एवं श्रीमती गीता देवी रतेरिया के तत्वावधान में 16 फरवरी 2026, सोमवार को नसों की विभिन्न समस्याओं के लिए विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर ढिमरापुर स्थित आशीर्वाद पुरम कालोनी के बगल, बड़े रामपुर नगरवन गार्डन गेट के ठीक सामने मेन रोड स्थित दीनदयाल रतेरिया बगीचा में आयोजित होगा।
दोपहर 12:15 बजे से शाम 6:30 बजे तक होगी मरीजों की जांच
शहर के प्रतिष्ठित नागरिक नरेंद्र रतेरिया की अभिनव पहल पर आयोजित इस शिविर में दोपहर 12:15 बजे से संध्या 6:30 बजे तक मरीजों की जांच की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य नसों से संबंधित बीमारियों से पीड़ित लोगों को राहत प्रदान करना और समाज के सभी वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है।
जबलपुर निरोग धाम के सुप्रसिद्ध चिकित्सक करेंगे प्राचीन वैदिक पद्धति से उपचार
नरेंद्र रतेरिया ने बताया कि यह शिविर उनके पूज्य पिताजी स्व. दीनदयाल रतेरिया की प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में जबलपुर निरोग धाम के सुप्रसिद्ध नस विशेषज्ञ चिकित्सक शिरकत करेंगे। प्राचीन वैदिक पद्धति से नसों, घुटनों, लकवा, कमर-पीठ दर्द, गठिया सहित अन्य समस्याओं की जांच एवं उपचार किया जाएगा। बड़े और छोटे दोनों आयु वर्ग के मरीजों को लाभ मिलेगा।
इन बीमारियों की होगी विशेष जांच
शिविर में गठिया, आर्थराइटिस, लिगामेंट इंजरी, ऑस्टियोपोरोसिस, जबड़ों का न खुल पाना, नसों का दबना, पुरानी चोट, रीढ़ की हड्डी का तिरछापन, स्लिप डिस्क, पैरों में भारीपन व झुनझुनी, साइटिका, कंधे व कूल्हे का दर्द, हर्पिस के बाद नसों का दर्द, स्तनों व शरीर के अन्य हिस्सों में गांठ जैसी समस्याओं की जांच की जाएगी।
बच्चों में मानसिक एवं शारीरिक कमजोरी, एड़ी उठाकर चलना, हाथ-पैरों का तिरछापन, कम सुनना या कम देखना, शारीरिक विकास में विलंब तथा सेरेब्रल पाल्सी जैसी समस्याओं में भी परामर्श दिया जाएगा।
सेवा और समर्पण का उद्देश्य
आयोजकों के अनुसार यह स्वास्थ्य शिविर समाज सेवा और जनकल्याण की भावना से आयोजित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सही मार्गदर्शन और उपचार मिल सके।


