छत्तीसगढ़

ऑपरेशन “आघात” में बड़ी कार्रवाई — 21 किलो से अधिक गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

Advertisement

रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन “आघात” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पहाड़ मंदिर रोड पर नाकेबंदी के दौरान 21 किलो से अधिक गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बालसमुंद नाला के पास वाहनों की सघन जांच के दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक CG 13 AM 3522) को रोका गया। वाहन से संदिग्ध गंध आने पर तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की से 20 पैकेट गांजा बरामद हुआ।

विधिवत वजन कराने पर कुल 21.378 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। आरोपी की पहचान अजित सिंह (50 वर्ष), निवासी चांदमारी स्कूल के पीछे, रायगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा के झारसुगुड़ा से गांजा लाकर रायगढ़ में खपाने की तैयारी में था।

10 लाख से अधिक की जप्ती

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—

21.378 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹2 लाख)

स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत लगभग ₹8 लाख)

वन प्लस मोबाइल (कीमत ₹18 हजार)


कुल ₹10,18,000 की संपत्ति जब्त की है।

आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 20(B) NDPS एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 57/2026 पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी और आमजन से भी सहयोग की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button