गन के साथ रील बनाना पड़ा भारी, युवक पर रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर खरसिया–धरमजयगढ़ पुलिस की त्वरित कार्यवाही
सार्वजनिक मार्ग पर ईयरगन लहराकर बनाया था वीडियो, फैली दहशत
धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वालों को एसएसपी की कड़ी चेतावनी
रायगढ़, 11 फरवरी । सोशल मीडिया पर हथियारनुमा ईयरगन के साथ रील पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर खरसिया एवं धरमजयगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक के विरुद्ध वैधानिक कदम उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, इंस्टाग्राम आईडी didar.Ali.927 से एक युवक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर गन के साथ रील बनाकर पोस्ट की गई थी। वीडियो में हथियार का प्रदर्शन किए जाने से आमजन में भय का वातावरण बनने की आशंका थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच में इंस्टाग्राम आईडी धारक की पहचान दीदार अली (33 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 09, पुरानी बस्ती खरसिया के रूप में हुई। वर्तमान में वह बेहरापारा, धरमजयगढ़ में अपने जीजा के घर रह रहा था। संबंधित वीडियो धरमजयगढ़ के सार्वजनिक मार्ग पर बनाया गया था।
पुलिस द्वारा पूछताछ में युवक ने बताया कि वीडियो में प्रयुक्त हथियार छर्रावाला ईयरगन है, जिसके लिए लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती। हालांकि, सार्वजनिक स्थल पर हथियारनुमा वस्तु का प्रदर्शन कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना शांति एवं कानून व्यवस्था की दृष्टि से अनुचित पाया गया।
इस पर धरमजयगढ़ पुलिस ने युवक के विरुद्ध धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी समझाइश दी।
👉 एसएसपी का स्पष्ट संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा है कि “सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय या दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवा वर्ग सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल निरंतर निगरानी कर रही है।”




