अवैध धान कारोबार का भंडाफोड़: दो आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में दस्तावेज व नकदी जब्त

By
Advertisement
Advertisement

बलरामपुर–रामानुजगंज। जिले के थाना सनावल क्षेत्र में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध धान परिवहन और भंडारण के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 82/2025 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 एवं बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के अंतर्गत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



गिरफ्तार आरोपियों में श्याम सुन्दर गुप्ता (35 वर्ष) एवं शिवम गुप्ता, दोनों निवासी कुर्लुडीह, थाना सनावल, जिला बलरामपुर–रामानुजगंज शामिल हैं।

ऐसे हुआ खुलासा
दिनांक 26 दिसंबर 2025 की शाम करीब 8 बजे अवैध धान परिवहन की सूचना पर पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने एक पिकअप वाहन का पीछा कर उसे पकड़ा। पूछताछ में चालक ने धान को कुर्लुडीह निवासी श्याम सुन्दर गुप्ता के घर खाली करने की बात बताई। इसके बाद टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां से बड़े पैमाने पर अवैध धान और कूटरचित दस्तावेज बरामद किए गए।



भारी मात्रा में जब्ती
तलाशी के दौरान करीब 400 बोरी अवैध धान, 1 लाख 67 हजार 100 रुपये नकद, बड़ी संख्या में चेकबुक, किसान किताबें, केसीसी पासबुक, बैंक पासबुक, विड्रॉल फार्म, जमा पर्चियां, तौल पर्चियां, डायरी, रजिस्टर एवं अन्य हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए।

जांच में हुआ बड़ा खुलासा
विवेचना में सामने आया कि आरोपी श्याम सुन्दर गुप्ता किसानों के खातों का दुरुपयोग कर दूसरे राज्य (उत्तर प्रदेश) से कम कीमत पर धान लाकर छत्तीसगढ़ के धान खरीदी केंद्रों में बेचता था। वह समय से पहले ही किसानों के अंगूठे के निशान लेकर निकासी कर लेता था। इस पूरे फर्जीवाड़े में शिवम गुप्ता द्वारा लगातार सहयोग किया जा रहा था।

जुर्म कबूल, न्यायिक रिमांड
हिरासत में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की मिलीभगत से शासन एवं किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और अवैध धान कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *