अबूझमाड़ को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम

By
Advertisement
Advertisement

नारायणपुर पुलिस ने नक्सलियों की अघोषित राजधानी कुतुल क्षेत्र में आदिनपार में खोला दूसरा नवीन सुरक्षा व जन सुविधा कैंप

नारायणपुर । शांत, सुरक्षित और नक्सलमुक्त अबूझमाड़ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में नारायणपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र और नक्सलियों की अघोषित राजधानी माने जाने वाले कुतुल के भीतर ग्राम आदिनपार में नारायणपुर पुलिस द्वारा दूसरा नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप स्थापित किया गया है।

यह कैंप “माड़ बचाओ अभियान” के अंतर्गत थाना कोहकामेटा क्षेत्र में खोला गया है, जिसका उद्देश्य नक्सल विरोधी अभियानों को मजबूती देना, सड़क निर्माण कार्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अंदरूनी इलाकों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना है।

विकास और सुरक्षा का नया केंद्र बना आदिनपार

दिनांक 23 दिसंबर 2025 को स्थापित इस नवीन कैंप के बाद क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है, जिससे ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है। यह कैंप जिला मुख्यालय नारायणपुर से 56 किमी, थाना कोहकामेटा से 28 किमी, कच्चापाल से 19 किमी, कुतुल से 12 किमी और कोड़नार से 6 किमी की दूरी पर स्थित है।

कैंप की स्थापना से धुरबेड़ा, कोड़तामरका, फरसबेड़ा, गुमरका, एडसमेटा, रेकापाल और आदिनपार जैसे आसपास के गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, मोबाइल नेटवर्क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।

सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई

इस महत्वपूर्ण अभियान में नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर के साथ आईटीबीपी की 53वीं, 41वीं, 29वीं और 45वीं वाहिनी की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के गढ़ में स्थायी उपस्थिति दर्ज कर विकास की राह प्रशस्त की है।

वर्ष 2025 में नक्सल इलाकों में लगातार कैंप स्थापना

नारायणपुर पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में कुतुल सहित कोडलियर, बेडमाकोटी, पदमकोट, कान्दुलपार, नेलांगूर, पांगूड, रायनार, एडजुम, ईदवाया, आदेर, कुड़मेल, कोंगे, सितरम, तोके, जाटलूर, धोबे, डोडीमरका, पदमेटा, लंका, परियादी, काकुर, बालेबेड़ा, कोडेनार, कोड़नार और अब आदिनपार में कैंप स्थापित किए जा चुके हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों का नेतृत्व

इस अभियान का संचालन
आईजी बस्तर रेंज पी. सुन्दराज,
डीआईजी कांकेर रेंज अमित कांबले (भा.पु.से.),
आईटीबीपी डीआईजी संजिव कुमार,
एसपी नारायणपुर रोबिनसन गुरिया सहित
CAF और ITBP के सेनानियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में किया गया।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *