बीजापुर (छत्तीसगढ़) । जिला बीजापुर में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थाना उसूर क्षेत्र के अंतर्गत कर्रेगुट्टा हिल्स के डोलीगुट्टा चोटी इलाके में चलाए गए सघन सर्च अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया अवैध डम्प उजागर किया गया है। कार्रवाई के दौरान हथियार मरम्मत में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, बीजीएल सेल निर्माण सामग्री तथा भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए दो प्रेशर IED को COBRA-204 की बम निरोधक (BDD) टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। इससे सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को होने वाले बड़े खतरे को टाल दिया गया।

यह संयुक्त अभियान जिला बल, COBRA-204 और CRPF की 196वीं बटालियन द्वारा थाना उसूर अंतर्गत FOB ताड़पाला घाटी क्षेत्र के जंगलों में चलाया गया। सर्चिंग के दौरान माओवादियों के हथियार और विस्फोटक तैयार करने से जुड़े कई अहम साक्ष्य हाथ लगे।

बरामद सामग्री में हैंड फ्लाई प्रेस, बड़ी संख्या में बीजीएल सेल (छोटे, मध्यम और बड़े आकार), बीजीएल टेल, स्टील प्लेट, स्क्रू ड्राइवर, हैक्सा ब्लेड, प्लायर सहित हथियार मरम्मत के अन्य भारी उपकरण शामिल हैं।
सुरक्षाबलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इलाके में माओवादियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

