देव कुमार गुप्ता बने भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला अध्यक्ष

सूरजपुर कौशलेन्द्र यादव । भारतीय जनता पार्टी के युवा संगठन को मजबूती प्रदान करते हुए संगठन ने देव कुमार गुप्ता को भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला सूरजपुर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति की सूचना मिलते ही जिलेभर के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नगर में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। देव कुमार गुप्ता लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे वर्ष 2020 से अब तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंत्री के रूप में कार्यरत थे। उनके कार्यकाल के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिली तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ी।
पूर्व संगठनात्मक दायित्व
देव कुमार गुप्ता ने वर्ष 2012 से 2016 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा, सूरजपुर शहर मंडल में प्रचार-प्रसार मंत्री के रूप में दायित्व निभाया। इसके पश्चात वर्ष 2016 से 2020 तक वे सूरजपुर शहर मंडल अध्यक्ष रहे। इन दायित्वों के दौरान उन्होंने संगठन विस्तार एवं युवाओं को जोड़ने का कार्य किया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष देव कुमार गुप्ता ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की नीतियों एवं विचारधारा को युवाओं तक पहुंचाने के साथ-साथ पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर तक युवाओं को जोड़कर संगठन को मजबूत किया जाएगा। उनकी नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा जिले में नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।





