धान खरीदी व्यवस्था का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

By
Advertisement
Advertisement

किसानों से सीधा संवाद कर लिया फीडबैक, माइक्रो एटीएम सुविधा को बढ़ावा देने दिए निर्देश

डीईओ काटने एवं धान उठाव पर प्रगति लाने के निर्देश

अम्बिकापुर, 11 दिसंबर 2025/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी व्यवस्था को सुगम और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विलास भोसकर ने आज विभिन्न धान उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए किसानों से सीधे संवाद कर धान खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली।

कलेक्टर श्री भोसकर सबसे पहले करजी धान उपार्जन केन्द्र पहुंचे, जहां उन्होंने पंजीकृत किसानों की संख्या, अब तक हुई खरीदी, पिछले वर्ष के विक्रय आंकड़े, डीईओ कटिंग, उठाव की स्थिति, मजदूरों का भुगतान, बारदाना एवं तिरपाल जैसी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने किसान श्री फूल साय से चर्चा कर धान विक्रय प्रक्रिया और उसकी पारदर्शिता पर फीडबैक लिया। किसान ने धान खरीदी व्यवस्था पर अपनी संतुष्टि जाहिर की।

इसके बाद कलेक्टर ने दरिमा धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने धान खरीदी, डीईओ, उठाव और माइक्रो एटीएम की सुविधा का अवलोकन किया। इस के दौरान उन्होंने झिदकालो के किसान श्री अशोक कुमार सिंह से चर्चा की, किसान ने बताया कि उन्होंने घर बैठे ‘किसान तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से अपना टोकन प्राप्त किया था। केन्द्र पहुंचते ही उन्हें बारदाना उपलब्ध हो गया और बिना किसी परेशानी के धान विक्रय सम्पन्न हुआ। किसान अशोक ने कलेक्टर समक्ष माइक्रो एटीएम से राशि भी निकाली। इस पर कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को निर्देश दिए कि माइक्रो एटीएम के उपयोग का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे किसानों को बैंक जाने की आवश्यकता कम पड़े।

कलेक्टर ने नवानगर और कर्रा धान उपार्जन केन्द्रों का भी निरीक्षण कर खरीद एवं उठाव की स्थिति जानी। उन्होंने पंजीकृत किसानों की संख्या, अब तक हुई खरीदी, डीईओ कटिंग, उठाव, कैरी फॉरवर्ड किसानों, नवीन पंजीयन, रकबा समर्पण, बारदाना उपलब्धता तथा माइक्रो एटीएम सुविधा की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पोड़ी कला के एक किसान से भी सीधे कर उनका टोकन देखा और धान खरीदी व्यवस्था पर प्रतिक्रिया ली, कलेक्टर ने किसान का बैंक पासबुक में नियमित रूप से इंट्री कराने की सलाह दी।

कलेक्टर श्री भोसकर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, किसानों को समय पर बारदाना उपलब्ध कराया जाए, डीईओ और उठाव का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करें, भुगतान में किसी भी प्रकार का विलंब न हो, किसानों के लिए माइक्रो एटीएम की सुविधा प्रभावी रूप से संचालित रहे तथा सभी समितियों में पारदर्शिता और अनुशासन पूर्ण रूप से सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान जिला खाद्य अधिकारी श्री बी एस कांमठे, सीसीबी नोडल अधिकारी श्री पीसी गुप्ता, डीएमओ श्री अरुण विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *