बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों की मुठभेड़: तीन जवान शहीद, 12 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले सुरक्षाबल के साथ मुठभेड़ में तीन जवान शहीद हो गए हैं। बीजापुर पुलिस एसपी ने जवानों के शहादत की पुष्टि की है। वहीं, इस एनकाउंटर में दो जवान घायल भी हुआ है। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। मुठभेड़ स्थल पर सुरक्षाबल के जवान सर्चिंग अभियान चला रहा है। सर्चिंग के दौरान जवानों को नक्सली ठिकाने से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार मिला है।
जवान नक्सलियों के हथियार और बारुद बरामद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर–दंतेवाड़ा जिला की सीमा क्षेत्र के पश्चिम बस्तर डिवीजन इलाके में निर्णायक नक्सल विरोधी अभियान जारी है। अभी तक 12 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ स्थल से SLR राइफलें, .303 राइफलें एवं अन्य हथियार-गोलाबारूद बरामद कर लिया गया है। बीजापुर एसपी डॉ जितेन्द्र यादव ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं।
सुबह शुरू हुई थी मुठभेड़
बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिला बीजापुर–दंतेवाड़ा जिला सीमा क्षेत्र के पश्चिम बस्तर डिवीजन इलाके में आज सुबह 9 बजे से DRG दंतेवाड़ा, डीआरजी बीजापुर, STF, CoBRA, CRPF की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। अभियान के दौरान पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों तरफ से रुक-रुक फायरिंग होती रही।
तीन जवान शहीद
उन्होंने बताया कि इस नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में DRG बीजापुर के तीन जवान शहीद हुए हैं। प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और जवान रमेश सोड़ी शहीद हो गए हैं। मुठभेड़ में DRG बीजापुर के एक अन्य जवान सोमदेव यादव घायल हुए हैं। घायल जवान को प्राथमिक उपचार दिया गया है फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
अभी नक्सलियों की पहचान नहीं हुई
बसतर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि अभी सर्च अभियान जारी है इसलिए विस्तृत जानकारी देना संभव नहीं है। ऑपरेशन पूर्ण होने के उपरांत विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मारे गए नक्सलियों के शव की अभी पहचान नहीं हो पाई हैं। उनकी पहचान की जा रही है।




