विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के सम्बन्ध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली प्रेसवार्ता

अंबिकापुर,01नवंबर 2025/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रारंभ किया गया है। इसके तहत राज्यभर में मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सुनील नायक ने शनिवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में प्रेसवार्ता लेकर मीडिया के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सम्बन्ध में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार देश के 12 राज्यों, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य भी शामिल है, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है।
उन्होंने बताया कि (SIR-2026) का प्रमुख उद्देश्य मृत व्यक्तियों के नामों को सूची से हटाना,स्थायी रूप से निवास बदलने वालों के नाम हटाना, दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं का नाम निरस्त करना, अपात्र व्यक्ति का मतदाता सूची से नाम हटाना, शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची का निर्माण कराना है। पंजीकरण की प्रक्रिया के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मतदाताओं को बीएलओ द्वारा परिगणना फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे निश्चित समय में भरकर बीएलओ को जमा करवाना होगा। फॉर्म भरने से पहले दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो (सफेद बैकग्राउंड सहित) तैयार रखना होगा। साथ ही पहचान दस्तावेज अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा।
उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण हेतु निर्धारित समय सारिणी, आवेदन प्रक्रिया, पुनः पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, गहन पुनरीक्षण के चरण और आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्त्वपूर्ण कार्य में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया की जानकारी मतदाताओं तक सरल ढंग से पहुंचाने में आप सभी का सहयोग अपेक्षित है, ताकि सही जानकारी लोगों तक पहुंचे और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके।
28 अक्टूबर 2025 की स्थिति में मतदाताओं की जानकारी-
उन्होंने 28 अक्टूबर 2025 की स्थिति में जिले के मतदाताओं की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 680486 मतदाता हैं, जिसमें से पुरुष 335376, महिला 345092 एवं थर्ड जेंडर 18 मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 09 लुण्ड्रा में कुल 202085 मतदाता हैं, जिसमें से पुरुष 100139, महिला 101942 एवं थर्ड जेंडर मतदाता 4 हैं। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अम्बिकापुर में कुल मतदाता 264890 हैं, जिसमें से पुरुष 130447, महिला 134431 एवं थर्ड जेंडर 12 मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 11 सीतापुर में कुल 206959 मतदाता हैं, जिसमें से पुरुष 101567 , महिला 105390 एवं थर्ड जेंडर 2 मतदाता हैं। वहीं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 05 भटगांव में कुल 6552 मतदाता हैं, जिसमें से पुरुष 3223 , महिला 3329 मतदाता हैं।
विशेष गहन पुनरीक्षण हेतु निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है-
बैठक में श्री नायक जानकारी देते हुए बताया कि जारी कार्यक्रम के तहत 3 नवम्बर तक फॉर्म का मुद्रण एवं प्रशिक्षण कार्य, 4 नवम्बर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक घर-घर जाकर बीएलओ द्वारा सत्यापन, 9 दिसंबर 2025 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज किया जाएगा। 9 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक सुनवाई और सत्यापन तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।




