विधवा महिला से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

By
Advertisement

सोनक्यारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी ने जंगल में दिया था वारदात को अंजाम

जशपुर। जिले के सोनक्यारी चौकी क्षेत्र में विधवा महिला से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी निलेश राम भगत (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने महिला को जंगल में अकेला पाकर उसके साथ जबरन अनाचार किया और पत्थर से जान से मारने की धमकी दी थी।

घटना का विवरण

पीड़िता, 36 वर्षीय विधवा महिला, 9 अक्टूबर 2025 को अपने ससुराल से मायके की ओर पैदल जंगल के रास्ते जा रही थी। इस दौरान रास्ते में आरोपी निलेश राम भगत ने पीछे से आकर महिला के बाल खींचे, उसे जमीन पर पटक दिया और झाड़ियों में घसीटकर जबरन दुष्कर्म किया।
जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने पास पड़े पत्थर से उसे मारने की धमकी दी। उसी वक्त पास के गांव की एक युवती की आवाज सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गया। युवती ने पीड़िता को कपड़े पहनाकर उसके मायके पहुंचाया।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

अगले दिन, 10 अक्टूबर 2025 को पीड़िता ने चौकी सोनक्यारी में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

जशपुर पुलिस की संवेदनशील पहल

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति बेहद संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, आरक्षक विमल मिंज और नगर सैनिक शिव शंकर रवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *