जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात : ब्राउन शुगर के साथ तकीम खान गिरफ्तार

जशपुर । जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ऑपरेशन आघात के तहत थाना लोदाम पुलिस ने ग्राम साईं टांगर टोली निवासी एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ धर दबोचा। आरोपी की पहचान मोहम्मद तकीम खान (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
दिनांक 2 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तकीम खान ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके पर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
19 पुड़ियों में छिपा रखा था नशा
तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से एक पीली प्लास्टिक की थैली बरामद हुई, जिसमें 19 कागज की पुड़ियों में 1 ग्राम 95 मिलीग्राम ब्राउन शुगर रखा गया था। जब्त नशे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना लोदाम में NDPS एक्ट की धारा 21(ए) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ में तकीम खान ने ब्राउन शुगर रखने की बात स्वीकार कर ली है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि नशे का यह माल वह कहां से लाता था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुनील सिंह, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, आरक्षक मोरिस किस्पोट्टा, धनसाय राम और राजेश गोप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आगे भी जारी रहेगा ऑपरेशन आघात
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि “नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए एंड-टू-एंड जांच की जा रही है।”




