केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बस्तर दौरा 4 अक्टूबर को

By
Advertisement
Advertisement

मुरिया दरबार में होंगे शामिल, लाल बाग मैदान में करेंगे आमसभा को संबोधित

जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आगामी 4 अक्टूबर को बस्तर दौरा लगभग तय माना जा रहा है। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शाह अपने दौरे के दौरान बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होंगे और जगदलपुर के लाल बाग मैदान में आमसभा को संबोधित करेंगे।

दशहरा समिति का निमंत्रण स्वीकार

बस्तर सांसद और दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप समेत अन्य सदस्यों ने केंद्रीय गृहमंत्री को बस्तर दशहरा में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। शाह ने इसे स्वीकार कर लिया है। इसी के चलते अब जिला प्रशासन और पुलिस विभाग भी तैयारियों में जुट गए हैं।

संभावित कार्यक्रम

हालांकि शाह का विस्तृत कार्यक्रम अभी सार्वजनिक नहीं हुआ है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि वे नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों और सरेंडर्ड नक्सलियों से मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा वे अंदरूनी इलाकों के ग्रामीणों से भी संवाद कर सकते हैं। शाह के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, राज्य के मंत्री, विधायक और सांसद भी बस्तर दशहरा कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।

शाह ने ‘एक्स’ पर जताई उत्सुकता

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि “नक्सलवाद से मुक्त और शांति की ओर अग्रसर बस्तर अपने पर्व-त्योहार धूमधाम से मना रहा है। आदिवासी संस्कृति और विरासत का प्रमाण 75 दिनों तक मनाया जाने वाला बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में आने का निमंत्रण मिला है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।”

बस्तर दशहरा का महत्व

बस्तर दशहरा दुनिया का सबसे लंबा पर्व माना जाता है, जो 75 दिनों तक मनाया जाता है। यह पर्व न केवल धार्मिक महत्व रखता है बल्कि बस्तर की आदिवासी संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था का प्रतीक भी है। इस बार केंद्रीय गृहमंत्री की मौजूदगी से आयोजन को और भी खास माना जा रहा है।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *