बालश्रम और दुर्व्यवहार के खिलाफ रेलवे स्टेशन में चला जागरूकता अभियान, यात्रियों से की गई 1098 हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील

चक्रधरपुर । चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को कर्रा सोसायटी पश्चिमी सिंहभूम और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के संयुक्त तत्वावधान में बालश्रम, बाल विवाह और बाल दुर्व्यवहार के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान विश्व मानव दुर्व्यवहार विरोधी पखवाड़ा (15 जुलाई से 30 जुलाई) के अंतर्गत आयोजित किया गया।

शाम 5 बजे से 6 बजे तक चले इस कार्यक्रम में यात्रियों को बच्चों के शोषण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि किस प्रकार दलाल बच्चों को काम और मोटी कमाई का लालच देकर ट्रेनों के जरिए अन्य स्थानों पर ले जाते हैं। यात्रियों से अपील की गई कि ऐसे मामलों की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर तुरंत दें।

इस जागरूकता कार्यक्रम में कर्रा सोसायटी की जिला संयोजिका चांदमुनी कालुंडिया, सामुदायिक सामाजिक कार्यकर्ता नीता कोड़ा, पारा लीगल वॉलेंटियर पिंकी बोदरा, राहुल प्रधान, देवब्रत प्रधान, जयकिशन प्रधान सहित RPF के थाना प्रभारी कमलेश कुमार सोरेन, उपनिरीक्षक ज्योति कुमारी, आर. मुर्मू और महिला सिपाही शामिल रहे।

अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान न सिर्फ रेलवे स्टेशन बल्कि बस स्टैंड, स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी चलाया जा रहा है, ताकि समाज को बाल अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाया जा सके और बच्चों के बेहतर भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।





