बगीचा में टाटा सूमो चोरी मामले का खुलासा, दो शातिर तस्कर गिरफ्तार; पशु तस्करी से भी जुड़े हैं तार

जशपुर, जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भीतघरा से टाटा सूमो वाहन चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों की पहचान अजहर खान (19 वर्ष) एवं मनसुदुल हसन (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम के रूप में हुई है। इनमें से अजहर खान पर पूर्व से स्थायी वारंट भी जारी था।
🚨 घटना का विवरण:
दिनांक 11 जून 2025 को भीतघरा निवासी अजय कुमार गुप्ता ने बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी टाटा सूमो (क्रमांक CG 15 B 9532) घर के आंगन में खड़ी थी, जिसे रात करीब 11 बजे दो अज्ञात युवक हरे रंग की स्कॉर्पियो में आकर चोरी कर ले गए।
शिकायत पर पुलिस ने तत्काल BNS की धारा 303(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। घटना स्थल से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस की तकनीकी टीम व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू हुई और चोरी की गई सूमो को कुछ ही दिनों में जंगल से लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया।
🔍 तस्करी का खुलासा और आरोपियों की कबूली:
गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गुमला निवासी बबलू खान से स्कॉर्पियो वाहन लेकर अंबिकापुर गए थे। लौटते समय भीतघरा में खड़ी सूमो को देख उन्होंने चोरी कर ली, लेकिन जंगल के रास्ते जाते वक्त गाड़ी में खराबी आ गई, जिससे वे उसे वहीं छोड़कर स्कॉर्पियो से फरार हो गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वाहन चोरी कर उनका उपयोग गौवंश तस्करी में करते थे, ताकि पकड़े जाने पर पुलिस को भ्रमित किया जा सके। पुलिस को संदेह है कि इस पूरी घटना के पीछे किसी बड़े तस्करी गिरोह का हाथ हो सकता है, जिसकी जांच जारी है।
विशेष रूप से आरोपी अजहर खान एक आदतन पशु तस्कर है और थाना बागबहार में दर्ज एक पुराने केस में ज़मानत पर बाहर आने के बाद से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।
👮♂️ जांच में इनकी रही अहम भूमिका:
इस केस की विवेचना और गिरफ्तारी में डीएसपी श्री भावेश कुमार समरथ, बगीचा थाना प्रभारी निरीक्षक संतलाल आयाम, लोदाम थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, सहायक उपनिरीक्षक नरेश मिंज, आरक्षक मुकेश पांडे, आशुतोष उपाध्याय, सुभाष पैंकरा, मनोहर यादव व प्रवीण तिर्की का विशेष योगदान रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी अजहर खान व उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस गौ तस्करी गिरोह से इनके संबंधों की गहराई से जांच कर रही है। इस दिशा में जशपुर पुलिस की सतत कार्रवाई जारी रहेगी।




