ऑपरेशन सिंदूर पर व्यापारी सम्मेलन : ‘वोकल फॉर लोकल’ के साथ राष्ट्र निर्माण का संकल्प

By
Advertisement
Advertisement

रायपुर, छत्तीसगढ़ |
देश के सबसे बड़े व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को रायपुर स्थित मैक कॉलेज ऑडिटोरियम में “ऑपरेशन सिंदूर, संकल्प एवं वोकल फॉर लोकल” विषय पर प्रदेश स्तरीय व्यापारी सम्मेलन का आयोजन हुआ।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ सम्मेलन का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह (विधानसभा अध्यक्ष, छत्तीसगढ़), कार्यक्रम अध्यक्ष श्री सुनील सिंघी (अध्यक्ष, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड), विशिष्ट अतिथि विधायक श्री राजेश मूणत और कैट राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन श्री अमर पारवानी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

डॉ. रमन सिंह ने किया ‘वोकल फॉर लोकल’ का समर्थन

मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल देश को एकजुट किया है, बल्कि हम एक ताकतवर राष्ट्र के रूप में उभरे हैं। भारत में निर्मित तकनीक, उपकरण और हथियार आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हमारी सफलता को दर्शाते हैं। हमारे श्रमिकों, इंजीनियरों और तकनीशियनों का योगदान सराहनीय है।”

देशभक्ति और आत्मनिर्भरता की मिसाल है ‘ऑपरेशन सिंदूर’ – सुनील सिंघी

कार्यक्रम अध्यक्ष श्री सुनील सिंघी ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि देश की असली ताकत – एकता, साहस और आत्मनिर्भरता – का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित व्यापारियों को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई और वोकल फॉर लोकल को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

‘जन-भागीदारी से बनेगा सशक्त भारत’ – राजेश मूणत

विधायक श्री राजेश मूणत ने अपने वक्तव्य में कहा, “भारत की असली ताकत है जन-मन का जुड़ाव। यदि हर नागरिक अपने जीवन में देशी उत्पादों को प्राथमिकता दे, तो आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ राष्ट्र निर्माण की राह भी मजबूत होगी।”

कैट का आह्वान : व्यापारी समुदाय बने ‘वोकल फॉर लोकल’ का स्तंभ

कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन श्री अमर पारवानी ने कैट की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “व्यापारी वर्ग को देश की आर्थिक रीढ़ माना जाता है। वोकल फॉर लोकल को जन आंदोलन बनाने के लिए व्यापारी एकजुट हों। हम व्यापारियों की समस्याओं को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाते रहेंगे।”

सम्मेलन में रही प्रदेशभर की व्यापारी इकाइयों की भागीदारी

सम्मेलन का संचालन कैट छत्तीसगढ़ के महामंत्री सुरिन्द्र सिंह ने किया और प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने सभी आगंतुकों का स्वागत कर संगठन की छत्तीसगढ़ में यात्रा पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में कैट, युवा कैट, महिला कैट, ट्रांसपोर्ट कैट समेत बिलासपुर, धमतरी, कांकेर, भिलाई, दुर्ग, अकलतरा, सरायपाली, गरियाबंद, चांपा, जांजगीर नैला आदि जिलों से बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

स्थानीय उत्पादों को अपनाने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित व्यापारियों ने स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, प्रोत्साहित करने और राष्ट्रहित में आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *