गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ गरिमामय समापन हुआ। कार्यक्रम में कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से 540 खिलाड़ियों और 100 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया।
बिलासपुर संभाग बना ओवरऑल चैंपियन
जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, कबड्डी और क्रिकेट सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बिलासपुर संभाग ओवरऑल चैंपियन रहा।
लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुति
समापन समारोह की शुरुआत मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गौरेला, अनीता शिक्षा निकेतन गौरेला तथा कुंजनबाई चौक से स्कूल अमरपुर पेंड्रा की छात्राओं ने पारंपरिक परिधान में लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
खेल में हार नहीं, जीत या सीख मिलती है : सांसद
सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने सभी प्रतिभागियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल में हार नहीं होती, खिलाड़ी या तो जीतते हैं या सीखते हैं। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विकास कार्यों के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा
जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा की मांग पर सांसद ने फिजिकल कॉलेज मैदान के जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपये तथा पतगांवा में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस तरह कुल 30 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की गई।
अधिकारियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कलेक्टर विजय दयाराम के ने सभी खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स का स्वागत करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को प्रतिभा निखारने के साथ अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने का अवसर देती हैं।
विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
समापन अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान, उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, जनपद पंचायत पेंड्रा की अध्यक्ष अजीत हेमकुंवर श्याम, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


