सम्पूर्ण समाधान दिवस में 23 शिकायतें पहुंचीं, एसडीएम विनय कुमार मौर्य ने दी सख्त चेतावनी— लापरवाही बर्दाश्त नहीं

Advertisement

माधौगढ़ (जालौन)। तहसील माधौगढ़ सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी अम्बुज सिंह यादव एवं खंड विकास अधिकारी संदीप मिश्रा भी उपस्थित रहे। समाधान दिवस के दौरान विभिन्न समस्याओं से जुड़ी कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।

विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादी, चकरोड, कब्जा, पैमाइश और आवासीय पट्टे से जुड़े मामले उठे

सम्पूर्ण समाधान दिवस में क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से पहुंचे शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। सतेन्द्र सहबाजपुर ने चकमार्ग खुलवाने की मांग की, जबकि धनवेन्द्र सिंह दाबर ने अवैध कब्जे वाली भूमि की पैमाइश कराए जाने की मांग रखी।

महेंद्र सिंह इटवां कनार ने विपक्षी द्वारा दरवाजे के सामने किए जा रहे अवैध निर्माण को रुकवाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं विपिन कुमार इटवां कनार ने आरोप लगाया कि विपक्षी उनके आवासीय पट्टे पर दबंगई के बल पर कब्जा कर रहा है।

खेतों की पैमाइश, नाली और चकरोड विवादों के मामलों ने खींचा ध्यान

प्रभा देवी पिचौरा और किरन कुमारी गोहन ने खेतों की पैमाइश कराने की मांग रखी। कप्तान सिंह गोहन ने मौजा केशोपुर की सरकारी नाली गाटा संख्या 215 खुलवाने का मुद्दा उठाया।

तौसीब गोहन ने मौजा सरावन की सरकारी नाली और चकरोड की नाप कराकर उसे सुरक्षित और संरक्षित किए जाने की मांग की। वहीं राजकुमार सिंह गोहन ने अपने प्लाट पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई।

सड़क चौड़ीकरण और लंबित मामलों को लेकर भी उठी आवाज

ग्रेट इंडिया महासभा ने गोहन-कुठौंद सड़क मार्ग के चौड़ीकरण की मांग रखी। वहीं कैलाश चंद्र द्विवेदी एडवोकेट ने लंबित पत्रावलियों के निस्तारण का मुद्दा अधिकारियों के सामने उठाया।

इसके अलावा मुकेश बाथम, सुरेश चंद्र, गिरजाशंकर, दयाशंकर और अन्य शिकायतकर्ताओं ने भी अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, अधिकारियों को दी सख्त हिदायत

समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य ने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की मौजूदगी में संतुष्टिपूर्ण ढंग से किया जाए।

उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान ज्ञान प्रकाश अवस्थी, मुक्तेश कुमार गुप्ता, भुवनेन्द्र कुमार, शिवकरन सिंह, भारत सिंह, राजेश कुमार सिंह, संदीप सिंह राजावत, कल्लू सिंह, मंसूर खान, अजीत यादव, शिवम शांडिल्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article