गोंदिया में 20 दिन का मेगा ब्लॉक: छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सहित 14 ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

2 Min Read
📊 Post Views: 19 Views
Indian Railway: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गोंदिया स्टेशन पर निर्माण कार्य के कारण 20 दिन का मेगा ब्लॉक रहेगा।

रायपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले गोंदिया स्टेशन पर बड़े निर्माण कार्य के चलते 20 दिनों का मेगा ब्लॉक (Indian Railway) लिया जा रहा है। यह ब्लॉक 5 अप्रैल से 24 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा, जिसके कारण इस रूट पर रेल यातायात (Train Cancelled) गंभीर रूप से प्रभावित होगा।

निर्माण कार्य के चलते लिया गया निर्णय

रेलवे प्रशासन के अनुसार नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक-3 (लाइन नंबर-05) पर बने वाशेबल एप्रन को हटाकर उसे बैलेस्टेड ट्रैक में परिवर्तित किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य को पूरा करने के लिए अप मेन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रखनी पड़ेगी।

14 ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द

इस मेगा ब्लॉक के दौरान लंबी दूरी की 14 एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237/18238) 5 से 25 अप्रैल (कोरबा-अमृतसर) और 7 से 27 अप्रैल (अमृतसर-बिलासपुर) तक रद्द रहेगी।

इसी तरह गोंडवाना एक्सप्रेस (12409/12410) 2 से 24 अप्रैल के बीच अलग-अलग 15 दिनों तक नहीं चलेगी।

इसके अलावा विशाखापत्तनम-निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12807/12808) और एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस (18029/18030, 12101/12102) भी 4 से 26 अप्रैल के बीच विभिन्न तिथियों पर रद्द रहेंगी।

लोकल स्तर पर बल्लारशाह-गोंदिया मेमू और गोंदिया-कटंगी डेमू ट्रेनें 5 से 25 अप्रैल तक पूरी तरह बंद रहेंगी।

आंशिक रूप से प्रभावित ट्रेनें

कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द नहीं की गई हैं, लेकिन उन्हें गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस (15231/15232) 4 से 26 अप्रैल तक दुर्ग स्टेशन तक ही संचालित होगी।

वहीं, गोंदिया-बल्लारशाह और अन्य पैसेंजर ट्रेनें 5 से 25 अप्रैल तक गोंदिया की बजाय हिरदामाली स्टेशन से चलाई जाएंगी। हिरदामाली और गोंदिया के बीच इनका संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

यात्रियों को सलाह

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

📊 Post Views: 19 Views
Share This Article