अम्बिकापुर, 1 सितंबर 2026। सैनिक स्कूल अंबिकापुर ने अपने गौरवशाली 18 वर्ष पूरे होने पर 18वां स्थापना दिवस समारोह गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया। विद्यालय परिसर में कैडेटों के अनुशासन, सांस्कृतिक प्रतिभा और नवाचार की झलक देखने को मिली।
गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ अतिथियों का स्वागत
समारोह के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में कर्नल आशीष पाण्डेय, सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल सहित संभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों के पहुंचने पर कैडेटों ने अनुशासित गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन और स्थापना दिवस केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
वार्षिक उपलब्धियों की प्रस्तुत की गई रिपोर्ट
विद्यालय के प्राचार्य कर्नल राजेश बैंदा ने सत्र 2025-26 की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में हासिल राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों की जानकारी दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्थापना दिवस समारोह में कैडेटों ने छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य, मूक अभिनय, देशभक्ति समूहगान और भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों पर आधारित विशेष मंचन प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि ने सत्र 2025-26 की वार्षिक विद्यालय पत्रिका का विमोचन भी किया।
कैडेटों ने तैयार किया ‘संस्कृत ऐप’
समारोह में विद्यालय के संस्कृत शिक्षक सौरभ कुमार जैन के मार्गदर्शन में कैडेटों द्वारा तैयार किए गए अभिनव ‘संस्कृत ऐप’ का भी प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने डिजिटल पहल का अवलोकन करते हुए कैडेटों के तकनीकी प्रयास की सराहना की।
उत्कृष्ट कैडेट और हाउस हुए सम्मानित
वर्षभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स और हाउस को समारोह में ट्रॉफियां प्रदान की गईं। सह-पाठ्यक्रम एवं खेलकूद में कटारी हाउस और अरिहंत हाउस ने संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम के लिए अर्जुन सिंह हाउस और तेजस हाउस को सर्वश्रेष्ठ अकादमिक हाउस का सम्मान मिला।
संस्थान के विकास में अनुकरणीय योगदान देने वाले अधिकारियों, शिक्षकों एवं सहयोगी कर्मचारियों को कमेंडेशन अवार्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
‘सैनिक स्कूल राष्ट्रसेवा की मजबूत नींव’
मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने कहा कि सैनिक स्कूल केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि देश के भावी कर्णधारों में अनुशासन, चरित्र निर्माण और राष्ट्रप्रेम के संस्कार विकसित करने वाली तपोभूमि है। उन्होंने कैडेटों से अनुशासन को जीवनशैली बनाने और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर बिलासपुर, छत्तीसगढ़




