सोनुवा में धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधायक जगत माझी ने किया उद्घाटन, प्रखंड में 25 हजार क्विंटल धान खरीदी का है लक्ष्य

2 Min Read
Advertisement

चक्रधरपुर ।  पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर विधान सभा के अंतर्गत  सोनुवा प्रखंड के गोलमुंडा लैंपस से मंगलवार से धान अधिप्राप्ति योजना का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि विधायक जगत माझी ने नारियल फोड़ एवं फीता काटकर धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलखो उपस्थित रही। उन्होंने स्वागत भाषण में जानकारी दी कि सोनुवा प्रखंड में 25 हजार क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि इसके अलावा अन्य किसान भी धान बेचने को इच्छुक होंगे तो उनका भी धान क्रय किया जाएगा। बताया कि सोनुवा में 575 किसान पंजीकृत है।

इसके अलावा अन्य किसानों को भी पंजीयन के लिए जागरूक करने के साथ फार्म का वितरण किया जा रहा है। बताया कि झारखंड सरकार द्वारा किसानों से धान की खरीदारी करने के लिए सामान्य श्रेणी के धान के लिए समर्थन मूल्य 2450 रुपये बोनस सहित एकमुश्त प्रदान किया जा रहा है। वहीं विधायक जगत माझी ने कहा सरकार इसबार बहुत ही पारदर्शी तरीके से सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में धान की खरीद कर रही हैं। साथ ही उचित समर्थन मूल्य भी दिया जा रहा है।

विधायक ने किसानों से कहा बिचौलियों के झांसे में नहीं आकर लैंपस में ही धान बेचे। उद्घाटन के पश्चात विधायक ने खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने सीसीटीवी कैमरा, तौल मशीन, नमी मापक यंत्र, ई-पोश मशीन आदि संधारित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव, अंचल अधिकारी अनुज टेटे, जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक, प्रभारी कृषि पदाधिकारी आर्थभंजन प्रधान, कल्याण पदाधिकारी सत्यनारायण मुंडा, गोलमुंडा लैंपस लिमिटेड अध्यक्ष सुजाता गागराई, सचिव खगेश्वर महतो, मानकी अभय सोय, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, डॉक्टर महतो, सुभाष महतो समेत किसान उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *